Iजिला पुलिस करनाल के थाना शहर के अंतर्गत पुलिस चौकी सदर बाजार की टीम ने चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरीशुदा सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक करनाल के निर्देशानुसार अपराध एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत पुलिस चौकी सदर बाजार की टीम ने मुख्य सिपाही विजय कुमार की अध्यक्षता में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दीपू उर्फ नाहर सिंह निवासी गप्पू वाला बाग, शिवाजी कॉलोनी, हांसी रोड, करनाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा गाड़ी की एक बैटरी, ई-रिक्शा का अन्य चोरीशुदा सामान तथा वारदात में प्रयुक्त एक एक्टिवा बरामद की है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि मामले में शिकायतकर्ता नवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 07 जुलाई 2026 को उसने अपनी ई-रिक्शा गिरड़ा पीर के पास गली के कोने पर खडी की थी। शाम के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके ई-रिक्शा से चार्जर एवं अन्य सामान चोरी कर लिया।
शिकायत के आधार पर थाना शहर करनाल में 10 जुलाई 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस चौकी सदर बाजार की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपू उर्फ नाहर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर उसके कब्जे से चोरीशुदा गाड़ी की बैटरी, ई-रिक्शा का सामान तथा वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।