करनाल। काछवा-बहलोलपुर सड़क की जर्जर हालत एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बुधवार सुबह सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से नीचे खेत में जाकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
मृतकों की पहचान अबरार (28), खालिद (24) और फजरू (55) के रूप में हुई है। सभी उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव उमरपुर के रहने वाले बताए गए हैं। पांचों लोग करनाल में तूड़ी लेने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर आ रहे थे।
सड़क टूटी होने से बिगड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन
निसिंग थाने के सब इंस्पेक्टर कर्मबीर के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काछवा-बहलोलपुर सड़क पर एक जगह सड़क टूटी हुई थी। इसी कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से नीचे खेत में जाकर पलट गई। हादसे के दौरान दो लोग दूर जा गिरे, जबकि अबरार, खालिद और फजरू ट्रॉली के नीचे दब गए।
ग्रामीणों ने पहुंचकर बाहर निकाला
हादसे के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों और सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर निसिंग थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन घायलों को अपने साथ करनाल से ले गए।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों में रोष
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों में सड़क की खराब हालत को लेकर भारी रोष देखने को मिला। ग्रामीणों निदान सिंह, पप्पू, रमेश और सुनील ने बताया कि काछवा-बहलोलपुर रोड लंबे समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिसके कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत करवाने को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों के सामने मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सड़क की जर्जर हालत के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ना हादसे की मुख्य वजह सामने आई है। पुलिस घटनास्थल की जांच और अन्य आवश्यक कार्रवाई कर रही है।