जिला परिषद चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद राजपूत समाज की महापंचायत, हजारों लोगों ने दिखाई एकजुटता

सोहन सिंह राणा बोले— राजनीतिक षड्यंत्र के तहत हटाया गया, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने रखेंगे पूरा मामला
असंध विधायक योगेंद्र राणा के खिलाफ लगे नारे

जिला परिषद चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद शनिवार को करनाल के सेक्टर-8 स्थित महाराणा प्रताप भवन में राजपूत समाज की विशाल महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत मे  हजारों की संख्या में समाज के लोग पहुंचे। सुबह से ही लोगों का महाराणा प्रताप भवन पहुंचना शुरू हो गया था और कुछ ही समय में पूरा परिसर लोगों से खचाखच भर गया।

महापंचायत का मुख्य उद्देश्य जिला परिषद चेयरमैन पद से हटाए गए प्रवेश सोहन सिंह राणा के समर्थन में समाज की एकजुटता प्रदर्शित करना और पूरे घटनाक्रम पर चर्चा करना था। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने कई बार सोहन सिंह राणा के समर्थन में नारे लगाए, वहीं भारतीय जनता पार्टी के असंध विधायक योगेंद्र राणा के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।
इसके बाद समाज के वरिष्ठ लोगों ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि समाज अन्याय के खिलाफ हमेशा एकजुट होकर खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं है बल्कि समाज के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा विषय बन चुका है।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व जिला परिषद चेयरमैन सोहन सिंह राणा ने कहा कि उन्हें जिस तरीके से चेयरमैन पद से हटाया गया, वह पूरी तरह राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने निजी और राजनीतिक स्वार्थों के चलते उनके खिलाफ माहौल तैयार किया और योजनाबद्ध तरीके से उन्हें पद से हटाने की कार्रवाई कराई। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी और संगठन की विचारधारा के अनुरूप कार्य किया तथा जिला परिषद में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया गया।
सोहन सिंह राणा ने कहा कि वे इस पूरे मामले को भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष विस्तार से रखेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व को पूरी जानकारी दी जाएगी कि किस प्रकार उनके खिलाफ साजिश रची गई। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पार्टी नेतृत्व निष्पक्षता से पूरे मामले को सुनेगा और न्याय करेगा।
उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि अपने सम्मान और सच्चाई के लिए है। उन्होंने समाज से शांति बनाए रखने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून और संगठनात्मक व्यवस्था पर उन्हें पूरा भरोसा है।
महापंचायत में मौजूद कई वक्ताओं ने कहा कि राजपूत समाज हमेशा राष्ट्रहित और समाजहित में कार्य करता आया है। वक्ताओं ने कहा कि यदि समाज के किसी व्यक्ति के साथ अन्याय होता है तो पूरा समाज उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज किसी प्रकार के राजनीतिक दबाव में आने वाला नहीं है और सम्मान की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से जारी रखी जाएगी।

सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जिला परिषद चेयरमैन को हटाने के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और व्यक्तिगत द्वेष की भावना काम कर रही थी। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। वक्ताओं ने यह भी कहा कि यदि समय रहते इस मामले पर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो समाज आगे की रणनीति तैयार करेगा और प्रदेश स्तर पर भी आंदोलन का स्वरूप तय किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बार-बार यह संदेश दिया गया कि समाज को किसी भी परिस्थिति में एकजुट रहना होगा। कई वक्ताओं ने युवाओं से सामाजिक और राजनीतिक रूप से जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी ताकत के बल पर हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।
महापंचायत शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों के सरपंच, पूर्व जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, युवा प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में राजपूत समाज के लोग मौजूद रहे। सभा के दौरान बार-बार समाज की एकजुटता और सम्मान की रक्षा का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी लोगों के बीच पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा का दौर लंबे समय तक चलता रहा।
महापंचायत में मौजूद कुरुक्षेत्र राजपूत सभा के प्रधान मोहन सिंह राणा, नरेश राणा उपाध्यक्ष राजपूत सभा कुरुक्षेत्र, जिला परिषद सदस्य गुरदीप बीजना, संग्राम सिंह,विक्रम राणा,  दिलबाग ओगंध, सुरेंद्र कांबोज, कुलदीप मढ़ान, यशकरण राणा, महेंद्र राणा यशपाल राणा,  प्रवीण सरपंच, बृजपाल ऊंचा समाना, शेखर राणा, रोमी राणा रायसन, रामपाल राणा, अजीत राणा, हरदीप राणा, वीरेंद्र चौहान, साहब सिंह, नरेश राणा, चंचल राणा, राजबीर राणा, सतीश राणा, बांका सिंह, मनदीप राणा,  सहित काफी संख्या में राजपूत समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *