टीम इंचार्ज ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना शहर करनाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में पहले आरोपी अरुण तथा महिला आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका था। गिरफ्तार आरोपी अरुण को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।

दौरान रिमांड आरोपी अरुण से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने खुलासा किया कि इस अवैध नशा तस्करी के कारोबार में उसका एक अन्य साथी शिवा भी शामिल है। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवा पुत्र हरिप्रकाश निवासी वार्ड नंबर-9, वाल्मीकि मोहल्ला, घरौंडा, जिला करनाल को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जल्दी धन कमाने और अपने शौक पूरे करने के लिए स्मैक की बिक्री का अवैध कारोबार करता था।

पुलिस द्वारा आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया तथा माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।