करनाल, दिनांक 27 मई 2026।

जिला पुलिस करनाल द्वारा नशा मुक्त समाज के उद्देश्य को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज गांव मैंनमती थाना कुंजपुरा स्थित इंडस्ट्री एरिया में डॉक्टर एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा वहां कार्यरत कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

यह जागरूकता कार्यक्रम राघव एग्रीकलर इंडस्ट्रीज,माइको एग्रीसोलूशंस एलएलपी एवं सिमरन इंडस्ट्रीज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर हरीश, सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह, कॉन्स्टेबल करमवीर द्वारा कर्मचारीयों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित

 कर्मचारियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित करता है तथा परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। कर्मचारियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई तथा बताया गया कि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी, तनाव अथवा नशा संबंधी समस्या होने पर इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

जिला पुलिस करनाल द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें तथा नशा मुक्त समाज बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।