जिला पुलिस करनाल के थाना निसिंग की टीम ने रिमोट रेडियो यूनिट (RRU) चोरी के मामले में फरार चल रहे छठे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई उप निरीक्षक अजेय कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक मेहताब सिंह की अध्यक्षता में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप पुत्र सुभाष चंद निवासी फुसगढ़, हाल किरायेदार वार्ड नंबर-4, इंद्री, जिला करनाल के रूप में हुई है। मामले में इससे पहले पुलिस द्वारा विनोद उर्फ कुक्कू, विनोद उर्फ विनोदी, पवन उर्फ बोना, कुलदीप उर्फ दीपड़ तथा पवन उर्फ पोल को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जांच के दौरान आरोपी संदीप ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल टावरों की रेकी करता था। टावरों पर लगे महंगे रिमोट रेडियो यूनिट (RRU) चोरी कर उन्हें कम कीमत पर कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। चोरी से प्राप्त रकम को आपस में बांट लिया जाता था। आरोपी ने यह भी बताया कि साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह पुलिस से बचने के लिए इंद्री क्षेत्र में अलग-अलग किराये के मकानों में रह रहा था।

पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से 5,000 रुपये नगद, जो चोरी की वारदात से अर्जित राशि का हिस्सा हैं, बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसका एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों एवं संभावित बरामदगी के संबंध में जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *