जिला पुलिस करनाल द्वारा चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए सीआईए-3 की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए तांबे की तार चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सहायक उप निरीक्षक नवीन कुमार की अध्यक्षता में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके कब्जे से चोरीशुदा 1 किलो 500 ग्राम तांबे की तार बरामद की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि 10 जुलाई 2026 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन कार्यस्थल से तांबे की तार चोरी होने की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा नंबर 423 के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए काछवा पुल, थाना सिविल लाइन क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाम बहादुर पुत्र दल बहादुर निवासी विराट नगर, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा 1 किलो 500 ग्राम तांबे की तार बरामद कर ली है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है तथा चोरी करने का आदी है। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
आज आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।