जिला पुलिस करनाल द्वारा अपराध एवं चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी सेक्टर-13 की टीम ने चौकी इंचार्ज महिला उप निरीक्षक जसविंदर कौर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए दुपहिया वाहन चोरी के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जंगसेर पुत्र लखी राम निवासी गांव सिरसी, थाना सदर, जिला करनाल के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी को निर्मल कुटिया चौक, सेक्टर-13 क्षेत्र से काबू किया। तलाशी एवं पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से एक चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए चौकी इंचार्ज महिला उप निरीक्षक जसविंदर कौर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन करनाल में मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में मामला दर्ज था। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने उक्त मोटरसाइकिल को दिनांक 11 जून 2026 को मुगल कैनाल क्षेत्र से चोरी किया था।
पुलिस टीम को आरोपी की गतिविधियों संबंधी गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।