जिला पुलिस करनाल द्वारा आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देवीलाल चौक, मेरठ रोड अंडरब्रिज करनाल पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान ट्रैफिक पार्क सेक्टर-7 करनाल की टीम एवं पुलिस स्टेशन हाईवे करनाल की टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान वाहन चालकों, राहगीरों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों तथा सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर आमजन को राहवीर योजना के बारे में भी जागरूक किया गया। बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की स्वर्णिम घंटे (Golden Hour) के दौरान सहायता करने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाता है। लोगों से अपील की गई कि दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने में संकोच न करें और मानवता के इस कार्य में अपना योगदान दें।

पुलिस स्टेशन हाईवे करनाल की टीम में उप निरीक्षक रामफल, सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार (कोऑर्डिनेटर), गृहरक्षी रवि, जय किशोर एवं सुभाष शामिल रहे। वहीं ट्रैफिक पार्क सेक्टर-7 करनाल की टीम में रवि भाटिया एवं उनके सहयोगी उपस्थित रहे।

जिला पुलिस करनाल ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।