करनाल, ग्राम पंचायत नलवी पार में सरपंच पूरन सिंह के खिलाफ पंचायत सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव दायर करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। पंच माखन सिंह के नेतृत्व में गांव के कई पंच लघु सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सरपंच पर विकास कार्यों में लापरवाही तथा पंचायत निधि के उपयोग में अनियमितताओं के आरोप लगाए।

पंचों का आरोप है कि सरपंच पंचायत फंड और सरकारी अनुदान के उपयोग में पारदर्शिता नहीं बरत रहे हैं। उनका कहना है कि पंचायत के कई महत्वपूर्ण निर्णय पंचों की सहमति के बिना लिए जा रहे हैं, जबकि नियमित मासिक बैठकें भी आयोजित नहीं की जा रही हैं। इससे गांव के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ज्ञापन में दावा किया गया है कि गांव के विकास के लिए अब तक करीब ₹4.5 करोड़ की राशि प्राप्त हुई, लेकिन उसके अनुरूप विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे। पंचों का कहना है कि यदि राशि का सही उपयोग किया जाता तो गांव की तस्वीर बदल सकती थी। उनका यह भी दावा है कि गांव के कुल 14 पंचों में से लगभग 12 पंच सरपंच के खिलाफ हैं।

स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी पर भी उठाए सवाल

पंचों ने आरोप लगाया कि गांव में लगाई गई स्ट्रीट लाइटें कुछ ही दिनों में खराब हो गईं, जबकि इनके लिए करीब ₹6.5 लाख का भुगतान किया गया। इसके अलावा गांव में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। पंचों का आरोप है कि उपकरणों की गुणवत्ता कम होने के बावजूद उन पर अधिक खर्च दर्शाया गया।

प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

पंचों ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पंचायत निधि के खर्च का ऑडिट कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *