पुलिस अधीक्षक करनाल के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माह मई 2026 में लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया गया। जिला पुलिस की विभिन्न इकाइयों, सीआईए टीमों, एंटी नारकोटिक सेल तथा थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की गई हैं।

माह मई 2026 के दौरान जिला पुलिस करनाल ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 16 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ बरामद किए गए जिनमें पोस्ता भूसा 86.162 किलोग्राम,गांजा पत्ती 2.266 किलोग्राम,स्मैक 746 ग्राम,नशीली दवाइयां 233 ग्राम, नशीले कैप्सूल 240, शामिल हैं।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। मामलों की गहन जांच जारी है तथा नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला पुलिस की प्राथमिकता युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा समाज को नशा मुक्त बनाना है। नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा और अवैध नशा कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने क्षेत्र में नशा तस्करी नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

जिला पुलिस करनाल नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है तथा अवैध नशा कारोबार के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।