नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पुलिस करनाल द्वारा युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में थाना तरावड़ी क्षेत्र के गांव तखाना स्थित राजकीय हाई स्कूल में जागरूकता कैंप आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर सिविल अस्पताल से डॉ. पूजा एवं डॉ. प्रियंका ने विद्यार्थियों को नशे के कारण स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया।
जिला पुलिस की ओर से सहायक उप निरीक्षक जगमाल, सिपाही कर्मवीर, एसपीओ रवि एवं विक्रम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। पुलिस कर्मचारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। युवा वर्ग को नशे से दूर रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को गलत संगत से बचने तथा अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर स्कूल की हेड मास्टर श्रीमती अनिता राठी भी मौजूद रहीं। उन्होंने जिला पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और अपने जीवन में शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता कैंप के दौरान विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे।
जिला पुलिस करनाल द्वारा विद्यार्थियों को यह भी संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार के नशे की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा आमजन के सहयोग से नशे के खिलाफ इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
जिला पुलिस करनाल का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि जागरूकता के माध्यम से युवा पीढ़ी को नशे से बचाना और समाज को नशामुक्त बनाना भी है। पुलिस द्वारा भविष्य में भी स्कूलों, शिक्षण संस्थानों एवं गांवों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।