डोर-टू-डोर संपर्क कर ग्रामीणों को बताए नशे के दुष्प्रभाव, MANAS हेल्पलाइन 1933 की दी जानकारी

करनाल, दिनांक 20 जून 2026।

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पुलिस करनाल द्वारा नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह के नेतृत्व में गठित नशा मुक्ति टीम ने थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत गांव रुकूंपुर में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर समस्या उत्पन्न करता है।

घर-घर जाकर किया जागरूक

पुलिस टीम ने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील की। उन्हें शिक्षा, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत दें

सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशा करने या नशा बेचने से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित थाना, MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 अथवा डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील

जिला पुलिस करनाल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।



I