करनाल। जिले के बसताड़ा गांव के अड्डे के पास बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे बदमाशों ने पिस्टल के बल पर एक युवक से 30 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो में सवार 4-5 बदमाशों ने अंजाम दिया। बदमाशों ने पीड़ित की कार को घेरकर पहले रुपये से भरा बैग मांगा और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी रकम लेकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की पहचान गांव माजरा रोडान निवासी नरेंद्र पुत्र पालाराम के रूप में हुई है। नरेंद्र अपने तीन साथियों के साथ दिल्ली से करनाल आ रहा था। उसके पास 30 लाख रुपये थे, जिनका इस्तेमाल रजिस्ट्री से संबंधित भुगतान के लिए किया जाना था।

पेमेंट लेने वाले व्यक्ति का कर रहे थे इंतजार

नरेंद्र के अनुसार, वह अपने तीन साथियों के साथ कार में दिल्ली से करनाल की ओर आया था। बसताड़ा के पास पेमेंट लेने वाले व्यक्ति के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो उनकी कार के आगे आकर रुकी।

स्कॉर्पियो से 4-5 युवक नीचे उतरे और उन्होंने नरेंद्र की कार को घेर लिया। बदमाश सीधे कार की डिग्गी के पास पहुंचे और डिग्गी खोलकर रुपये से भरा बैग देने के लिए कहा।

विरोध करने पर पिस्टल तानी, पिस्टल की बट से किया वार

नरेंद्र ने जब बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने उस पर पिस्टल तान दी। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने पिस्टल की बट से उसकी आंख के ऊपर वार किया और डंडों से भी पीटा।

पिस्टल देखकर नरेंद्र के साथ मौजूद उसके तीन साथी सहम गए और कार से बाहर नहीं निकले। बदमाशों ने नरेंद्र को काबू करने के बाद रुपये से भरा बैग अपने कब्जे में लिया और स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

मौके से मैग्जीन और जिंदा कारतूस बरामद

वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से एक मैग्जीन और एक जिंदा राउंड बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल अभी पुलिस के हाथ नहीं लगी है।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो और उसमें सवार बदमाशों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि नरेंद्र कुमार के साथ 30 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। नरेंद्र बसताड़ा के पास पेमेंट लेने वाले व्यक्ति का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार युवक वहां पहुंचे और पिस्टल की नोक पर रुपये छीनकर फरार हो गए।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से मैग्जीन और कारतूस बरामद हुआ है। वारदात में इस्तेमाल पिस्टल अभी बरामद नहीं हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बदमाशों को 30 लाख रुपये की रकम के बारे में पहले से जानकारी थी या उन्होंने मौके पर ही कार को निशाना बनाया। वारदात के बाद इलाके में लगेसीसीटीवी कैमरों की फुटेज और पीड़ित व उसके साथियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।