करनाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने और विभिन्न विकास परियोजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किए जाने का उत्साह करनाल में भी देखने को मिला। जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान डॉ. मंगलसेन सभागार में मौजूद लोगों ने लाइव प्रसारण देखा और प्रधानमंत्री के बटन दबाते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
जैसे ही प्रधानमंत्री ने हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना किया, सभागार में “भारत माता की जय”, “जय श्री राम” और “मोदी तेरी रेल चलेगी, बिन बिजली-बिन तेल चलेगी” जैसे नारों से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। उपस्थित लोगों ने इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण सहित जिले के चारों विधायकों ने देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए जनता से सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे, स्वच्छ ऊर्जा और आधारभूत ढांचे का विकास देश की प्रगति का प्रतीक है।
इस अवसर पर विधायक रामकुमार कश्यप, जगमोहन आनंद, भगवानदास कबीरपंथी, योगेंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, महापौर रेणू बाला गुप्ता, केश कला एवं कौशल विकास बोर्ड के चेयरमैन यशपाल ठाकुर, हरियाणा व्यापार कल्याण बोर्ड के वाइस चेयरमैन सतीश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, राज्य सूचना आयुक्त संजय मदान तथा जिला परिषद की चेयरपर्सन प्रवेश राणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरित ऊर्जा और आधुनिक परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान लोगों में इस नई पहल को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।