10 रुपये के लिए हत्या: सब्जी विक्रेता के सिर पर मारी ईंटें
करनाल के बुढ़ाखेड़ा चौक के पास मंगलवार रात को दो अज्ञात आरोपियों ने सब्जी विक्रेता संजय सैनी (44) के सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी। विवाद सब्जी के 10 रुपये मांगने पर हुआ। बीच बचाव करने आई बेटी को भी आरोपियों ने पीटा। जिससे उसकी बाजू पर चोट आई है। आरोपी मौके से भाग गए। सेक्टर 32 थाना पुलिस ने बेटी की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
संजय सैनी सब्जी और फल की दुकान चलाते थे। 26 मई की रात दो युवक दुकान पर आए और 210 रुपये के फल-सब्जी खरीदे। 200 रुपये देकर जाने लगे। बाकी 10 रुपये मांगने पर गुस्साए युवकों ने संजय के सिर में डंडा और ईंट मारी
संजय के घायल होने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग गए। परिजन घायल को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। गंभीर हालत को देखते हुए उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बुढ़ाखेड़ा के पास दो अज्ञात युवकों ने सब्जी विक्रेता संजय सैनी की हत्या की है। उनकी बेटी की शिकायत पर दो आरोपियां के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई हैं