रक्तदान शिविर में उमड़ा सेवा, समर्पण और सामाजिक चेतना का जज़्बा
करनाल।(vinay vij) वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के पावन अवसर पर नागरिक अस्पताल करनाल के रक्त केंद्र में 587 वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता और सेवा भावना का प्रेरणादायी परिचय दिया। शिविर का आयोजन 182 बार स्वेच्छा से रक्तदान, 89 बार प्लेटलेट्स तथा 1 बार प्लाज़्मा दान कर चुके राष्ट्रपति पुलिस पदक से विभूषित राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता डायमंड रक्तदाता एवं पर्यावरण प्रहरी डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुकेश कुमार, सचिव कुलपति, महाराणा प्रताप उद्यान विश्वविद्यालय उपस्थित रहे, जबकि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त सहायक कुलसचिव दविन्द्र सचदेवा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर की अध्यक्षता पुलिस विभाग से सेवानिवृत अधिकारी चरंजी लाल वर्मा ने की। नागरिक अस्पताल के क्षेत्रीय रक्त संचरण अधिकारी डॉ. संजय वर्मा के निर्देशन में रक्त संग्रहण किया गया। शिविर संयोजक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। शिविर अध्यक्ष चिरंजी लाल वर्मा ने बताया कि डॉ. वर्मा द्वारा वर्ष 1989 से अब तक 587 स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से 21022 रक्त इकाइयाँ सरकारी रक्त कोषों को उपलब्ध कराई गईं। इन रक्त इकाइयों से 63066 से अधिक जरूरतमंद लोगों को जीवनदान मिला है। अति विशिष्ट अतिथि दविन्द्र सचदेवा ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, पराक्रम और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उनकी जयंती पर आयोजित यह रक्तदान शिविर समाज में सेवा, संवेदना और मानवता का प्रेरणादायी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता, डायमंड रक्तदाता एवं पर्यावरण प्रहरी डॉ. अशोक कुमार वर्मा वर्षों से निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में जुटे हुए हैं और युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। शिविर में जसविंदर सिंह, मिंटू, योगेन्द्र, सूरज भान, रविन्द्र कुमार, रमेश कुमार, राम प्रकाश, डॉ. बाला कृष्णन, परदीप, गोविन्द, हरि चन्द, मुकेश, अमन, अनुप भारद्वाज, वरुण शर्मा एवं राहुल सहित अन्य लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया