भारतीय संस्कृति का संदेश- चरित्र और कर्म से बनती है पहचान न कि मुख छिपाने से
आधुनिक भारत तीव्रता से उन्नति के मार्ग पर प्रसस्त है। विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और आधुनिक जीवनशैली ने समाज को नई दिशा दी है, लेकिन कुछ ऐसे चलन भी तेजी से बढ़े हैं जो सामाजिक और सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। इन्हीं में से एक है युवाओं द्वारा बिना किसी आवश्यक कारण के पूरे मुख को कपड़े, स्कार्फ, नकाब या अन्य माध्यमों से ढककर सार्वजनिक स्थानों पर घूमना। न केवल कुछ युवक ऐसा कर रहे हैंअपितु अधिकतर युवतियां भी सड़कों, सार्वजनिक स्थानों पर मुख ढककर चलते, यात्रा करते अथवा कोई न कोई वाहन चलाते सड़क पर दिखाई देती हैं। ऐसा प्रचलन केवल एक फैशन नहीं रह गया है, बल्कि कई बार अपराधियों के लिए अपनी पहचान छिपाने का आसान माध्यम भी बन जाता है। अभी कल ही फरीदाबाद के सिकरौना ग्राम में एक शिक्षिका की हत्या की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया। प्रारंभिक जानकारी एवं सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी ने अपना चेहरा पूरी तरह ढक रखा था, जिससे उसकी पहचान करना न केवल कठिन हो गया है अपितु सिद्ध करना भी एक बहुत बड़ी चुनौती बन गया है। यह घटना केवल एक अपराध नहीं है, बल्कि समाज के सामने एक गंभीर प्रश्न भी खड़ा करती है कि क्या हमारी सार्वजनिक व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिसमें कोई व्यक्ति अपनी पहचान पूरी तरह छिपाकर आसानी से घूम सके?
यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि यदि कोई व्यक्ति धूल, प्रदूषण, संक्रमण, बीमारी या चिकित्सकीय कारणों से मास्क पहनता है, तो वह पूरी तरह उचित और आवश्यक है। कोविड-19 महामारी ने हमें सिखाया कि कई परिस्थितियों में मास्क जीवनरक्षक भी हो सकता है। इसलिए स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मास्क पहनने पर कोई आपत्ति नहीं हो सकती। चिंता उस प्रवृत्ति से है जिसमें बिना किसी आवश्यकता के पूरे चेहरे को इस प्रकार ढक लिया जाता है कि व्यक्ति की पहचान ही संभव न रहे।
भारतीय संस्कृति में मुख मंडल सम्मान, आत्मविश्वास और पहचान का प्रतीक माना गया है। हमारी सभ्यता ने सदैव सत्य, पारदर्शिता और उच्च आचरण वाले व्यक्तित्व को महत्व दिया है। हमारे देवी-देवताओं—माँ दुर्गा, माँ लक्ष्मी, माँ सरस्वती और नवदुर्गा—के सभी चित्रों और प्रतिमाओं में उनका तेजस्वी एवं खुला मुख दिखाई देता है। यह संदेश देता है कि शक्ति, सम्मान और आत्मविश्वास अपनी पहचान छिपाने में नहीं, बल्कि उसे गरिमा के साथ प्रस्तुत करने में है।
आज सोशल मीडिया और फिल्मी प्रभाव के कारण अनेक युवा बिना यह सोचे कि इसका सामाजिक प्रभाव क्या होगा, पूरे चेहरे को ढककर घूमना आधुनिकता और स्टाइल का प्रतीक मानने लगे हैं। यह प्रवृत्ति धीरे-धीरे सामान्य होती जा रही है। जब अधिकांश लोग अपना चेहरा छिपाने लगते हैं, तब अपराधियों के लिए भी भीड़ में घुल-मिल जाना सरल हो जाता है। ऐसे में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के सामने पहचान करना कठिन हो जाता है, जिससे अपराधों की जाँच भी प्रभावित हो सकती है। सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बैंक, एटीएम और सरकारी कार्यालयों में पहचान स्पष्ट होना सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। आज अधिकांश स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके