यमुनानगर, 25 जून। यमुनानगर की लाल द्वारा कॉलोनी में मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक दंपती को निशाना बनाते हुए गन प्वाइंट पर महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित सचिन कोठारी, जो मूल रूप से देहरादून के रहने वाले हैं और पिछले करीब दो वर्षों से यमुनानगर में किराये पर रह रहे हैं, मंगलवार रात अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर सब्जी लेकर घर लौटे थे। घर के बाहर स्कूटी रोकने के बाद सचिन ने अपनी पत्नी से गेट खोलने के लिए कहा। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे।

सचिन के मुताबिक, एक बदमाश ने उनकी गर्दन पर पिस्तौल तान दी, जबकि दूसरे ने उनकी पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। छीनाझपटी के दौरान मंगलसूत्र टूट गया, जिससे उसका कुछ हिस्सा बदमाशों के हाथ लग गया, जबकि बाकी हिस्सा महिला के गले में ही रह गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी रोष है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण रात के समय अंधेरा रहता है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।