जिला पुलिस करनाल द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आज दिनांक 07 जुलाई 2026 को थाना सदर करनाल स्थित सीसीटीएनएस लैब में गवर्नमेंट वूमेन कॉलेज, रेलवे रोड करनाल से प्रशिक्षण के लिए आए लगभग 50 युवा स्वयंसेवकों (यूथ वॉलंटियर्स) के लिए सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार, कॉर्डिनेटर, थाना हाईवे करनाल ने युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने तथा सड़क पर पैदल चलते समय आवश्यक सावधानियां बरतने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश जानें यातायात नियमों की अनदेखी के कारण जाती हैं। यदि प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी के साथ नियमों का पालन करे तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। युवाओं से अपील की गई कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान सीसीटीएनएस इंचार्ज उप निरीक्षक राजपाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने युवा स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।