करनाल, दिनांक 29 मई 2026।
जिला पुलिस करनाल द्वारा आज पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल, कार्यालय पुलिस अधीक्षक करनाल में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रशिक्षणाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल (भा.पु.से.), उप पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार (ह.पु.से.) एवं उप पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार (ह.पु.से.) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक संदीप कुमार (भलाई निरीक्षक), जिला पुलिस करनाल द्वारा किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथि, सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का स्वागत किया।
आज सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में निरीक्षक ईलम सिंह, निरीक्षक सतपाल सिंह, निरीक्षक सुखबीर सिंह, उप निरीक्षक रणजोर सिंह, सहायक उप निरीक्षक तेजपाल, सहायक उप निरीक्षक जसवंत सिंह, सहायक उप निरीक्षक चरण सिंह, मुख्य सिपाही राज सिंह तथा फार्मासिस्ट डॉ. रणबीर सिंह शामिल रहे।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की गई।
अपने संबोधन में सहायक पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल (भा.पु.से.) ने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण भाव से सेवा देना अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है तथा विभाग को आशा है कि सभी सेवानिवृत्त कर्मचारी भविष्य में भी हरियाणा पुलिस का मार्गदर्शन एवं सहयोग करते रहेंगे।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा पुलिस विभाग के साथ बिताए गए समय को याद किया।
अंत में निरीक्षक संदीप कुमार द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों का समारोह में शामिल होने पर धन्यवाद किया गया।