जिला पुलिस करनाल के साइबर थाना की टीम ने सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार के अध्यक्षता में साइबर धोखाधड़ी के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरफराज पुत्र मोहम्मद जुल्फीकार अहमद, निवासी मकान नंबर 119/34, खनदारी बाजार, लालबाग, थाना केसरबाग, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसकी जान-पहचान उसके पड़ोस में रहने वाले युवक से हुई थी। जिसने उसे लालच दिया कि यदि वह अपने नाम से बैंक खाता उपलब्ध कराए, जिसमें साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि जमा होगी, तो बदले में उसे 50 हजार रुपये दिए जाएंगे,

आरोपी लालच में आकर अपना बैंक खाता, उससे संबंधित एटीएम कार्ड तथा अन्य बैंकिंग सुविधाएं उसे दे दिए। जांच में सामने आया कि उक्त बैंक खाते में लगभग 5 लाख 80 हजार रुपये की संदिग्ध राशि जमा हुई। आरोपी ने स्वीकार किया कि इस कार्य के बदले उसे 50 हजार रुपये मिले थे, जिन्हें उसने अपने निजी खर्चों में खर्च कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने आर्थिक लाभ के लालच में जानबूझकर अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया, जिसका उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन के लिए किया गया। पुलिस अब इस पूरे साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।