जिला पुलिस करनाल की अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईए) असंध की टीम ने वर्ष 2021 में गार्ड को बंधक बनाकर धान के कट्टे लूटने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई सीआईए असंध प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा उप निरीक्षक संदीप कुमार की अध्यक्षता में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलबाग उर्फ रिंकू पुत्र रमेश तथा मनोज पुत्र रमेश, निवासी गांव नगर, गोहाना, जिला सोनीपत के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गांव नगर, गोहाना से गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर थाना निसिंग में मुकदमा नंबर 3, दिनांक 03 जनवरी 2021 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार 02 जनवरी 2021 को आरोपियों ने पहले दिन के समय शुभम लॉजिस्टिक कंपनी, कुचपुरा (निसिंग) स्थित धान गोदाम की रेकी की। इसके बाद रात के समय आरोपी अपने साथियों के साथ गोदाम में पहुंचे, जहां गार्ड के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे बंधक बना लिया तथा उसका लाइसेंसी हथियार छीन लिया। इसके बाद आरोपी गोदाम से करीब 315 धान के कट्टे लूटकर मौके से फरार हो गए।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम पहले ही भजनलाल, सिकंदर, कुलदीप उर्फ कालिया तथा विनोद उर्फ जुंडल को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने खुलासा किया था कि वारदात में दिलबाग उर्फ रिंकू और मनोज भी शामिल थे।
अब दोनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य साथियों तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।