जिला पुलिस करनाल द्वारा स्नैचिंग की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीआईए-1 की टीम ने मुख्य सिपाही मनोज कुमार की अध्यक्षता में कार्रवाई करते हुए स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धरू पुत्र संदीर निवासी शिव कॉलोनी, करनाल, गौरव उर्फ साबी पुत्र सुल्तान सिंह निवासी गांव भागपति, करनाल, रविंद्र उर्फ रॉकी पुत्र बलवंत सिंह निवासी गांव कालवेड़ी, करनाल तथा सन्नी उर्फ चंदू पुत्र अनिल निवासी शिव कॉलोनी, करनाल के रूप में हुई है।
अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि दिनांक 11 जुलाई 2026 को थाना सेक्टर-32/33 में शिकायतकर्ता जितेन्द्र पुत्र चन्द्रभान करनाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पीपली बस स्टैंड पर कैंटीन है। वह सरकारी बस से सेक्टर-6 चौक, करनाल पर उतरा था। इसी दौरान अज्ञात युवकों ने उसकी टांग पर बर्फ तोड़ने वाला नुकीला सुवा मारकर उसके पास मौजूद कुछ रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-32/33 मे मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सीआईए-1 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर छीनी गई कुछ नगदी,वारदात में प्रयुक्त एक नुकीला सुवा तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
गिरफ्तार चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।