510 ग्राम अफीम के साथ पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में सामने आया नाम, आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा

करनाल। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करनाल पुलिस की सीआईए-2 टीम ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक पुत्र बिनोद कुमार निवासी मुस्तफाबाद टीसिंग, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

510 ग्राम अफीम के साथ पहले आरोपी को किया था गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले दलशेर सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी गांव हाबड़ी, जिला कैथल को 510 ग्राम नशीले पदार्थ अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोपी से पूछताछ के दौरान मामले में अभिषेक की संलिप्तता सामने आई।

इसके बाद सीआईए-2 की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई सीआईए-2 प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक रामनिवास व पुलिस टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभिषेक को काबू किया।

इस संबंध में थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।