जिला पुलिस करनाल द्वारा जिले में पशु चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के तहत सीआईए-3 की टीम ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। मुख्य सिपाही जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा छह भैंस बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नासिर पुत्र मुस्तकिम तथा शाकिब पुत्र मुस्तकिम, निवासी गांव नागल राजपूत, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि थाना कुंजपुरा में एक महिला की शिकायत पर भैंस चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार 27 जून 2026 की रात अज्ञात चोर उसके घर के बाड़े से एक भैंस चोरी कर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए-3 की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। कार्रवाई के दौरान 4 जुलाई 2026 को आरोपी नासिर को गांव नेवल क्षेत्र से गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।
पुलिस रिमांड के दौरान गहन पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि इस गिरोह में अन्य साथी भी शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जिला करनाल में भैंस चोरी की कुल छह वारदातों का खुलासा किया, जिनमें थाना इंद्री क्षेत्र की दो, थाना मधुबन की एक, थाना कुंजपुरा की दो तथा थाना सदर की एक वारदात शामिल है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरीशुदा छह भैंस बरामद कर ली हैं।
आज आरोपी नासिर की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने पर उसे पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, आरोपी शाकिब को माननीय न्यायालय में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जिला पुलिस द्वारा रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर पशु चोरी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।