आरोपियों के कब्जे से 29 गैस सिलेंडर, 13 कट्टे गेहूं,2 इनवर्टर बैटरियां, रसोई के बर्तन, वारदात में प्रयुक्त दो ऑटो व 69 हजार रुपये नकद बरामद
जिला पुलिस करनाल द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं चोरी की वारदातों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-3 स्टाफ की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग गैंग में शामिल 6 शातिर चोरों तथा चोरी का सामान खरीदने वाले 2 कबाड़ी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा 29 गैस सिलेंडर, 13 कट्टे गेहूं, 2 इनवर्टर बैटरियां, रसोई में प्रयोग होने वाले टब, पतीले सहित अन्य सामान, वारदात में प्रयुक्त दो ऑटो तथा 69 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से जिला करनाल के विभिन्न सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं मिड-डे मील केंद्रों में सेंधमारी कर गैस सिलेंडर, खाद्यान्न सामग्री, बर्तन तथा अन्य सामान चोरी किए जाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन घटनाओं के कारण आमजन में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही थी तथा सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंच रहा था।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक करनाल के निर्देशानुसार सीआईए-3 इंचार्ज निरीक्षक अजेय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा तकनीकी एवं मानवीय स्रोतों से जानकारी एकत्रित कर गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान प्राप्त विश्वसनीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चोरी की वारदातों में शामिल दो गैंगों का पर्दाफाश कर छह आरोपियों तथा चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटनास्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा तकनीकी एवं मानवीय स्रोतों से जानकारी एकत्रित कर गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान प्राप्त विश्वसनीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चोरी की वारदातों में शामिल दो गैंगों का पर्दाफाश कर छह आरोपियों तथा चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण पुत्र ओमप्रकाश, संजीव उर्फ सचिन पुत्र राकेश कुमार, तिलक राज पुत्र नसीब सिंह, अमन पुत्र ओमप्रकाश, आर्यन पुत्र नरेश, सौरभ उर्फ कार्तिक पुत्र सोमपाल, गलशन उर्फ सोन पुत्र राजाराम तथा गौतम पुत्र राजीव के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने जिला करनाल के विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं मिड-डे मील केंद्रों से चोरी की अनेक वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा 29 गैस सिलेंडर, 13 कट्टे गेहूं, 2 इनवर्टर बैटरियां, रसोई में प्रयोग होने वाले टब एवं पतीले, वारदात में प्रयुक्त दो ऑटो तथा 69 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी रात्रि के समय सुनसान स्थानों पर स्थित सरकारी संस्थानों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए सामान को कम कीमत पर कबाड़ियों को बेचकर अवैध लाभ अर्जित करते थे।
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि मामले में गहनता से जांच जारी है तथा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड एवं अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जिला पुलिस करनाल द्वारा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।