करनाल। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत वीरवार को नई अनाज मंडी करनाल में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति से जुड़ी शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को जोश और उत्साह से भर दिया। सामूहिक मास पीटी शो, लेजियम-डंबल प्रदर्शन और मार्च पास्ट ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।

‘उसे वीर भगत सिंह कहते हैं’ पर विद्यार्थियों ने बांधा समां

स्कूली विद्यार्थियों ने ‘उसे वीर भगत सिंह कहते हैं’, ‘प्रदेश में प्रदेश हरियाणा हमारे’ सहित देशभक्ति और हरियाणवी संस्कृति से जुड़े गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुति ने समारोह स्थल पर मौजूद लोगों में देशभक्ति का जज्बा भर दिया।

इसके अलावा आर्यकुलम गुरुकुल नीलोखेड़ी के विद्यार्थियों ने मलखंभ का रोमांचक प्रदर्शन किया। राजकीय स्कूलों की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर प्रदेश की लोक संस्कृति की झलक दिखाई।

परेड की टुकड़ियों ने किया मार्च पास्ट

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासन और जोश के साथ मार्च पास्ट किया। परेड कमांडर प्रोबेशनर डीएसपी राखी विश्वकर्मा के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस के जवानों की प्लाटून, होमगार्ड, एनसीसी आर्मी विंग के छात्र-छात्राएं, प्रजातंत्र के प्रहरी तथा नीलोखेड़ी गुरुकुल के बैंड की टुकड़ियां सलामी मंच के सामने से गुजरीं।

विद्यार्थियों ने सामूहिक पीटी शो, लेजियम और डंबल का प्रदर्शन भी किया। रिहर्सल के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का भी जायजा लिया गया।

डीसी ने शहीद स्मारक पर अर्पित किया पुष्प चक्र

कार्यक्रम से पहले डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शहीदी स्मारक पहुंचकर पुष्प चक्र अर्पित किया और देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने नई अनाज मंडी पहुंचकर ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया।

15 अगस्त को मंत्री रणबीर गंगवा करेंगे ध्वजारोहण

डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह नई अनाज मंडी करनाल में आयोजित किया जाएगा। समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। डीसी ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में समारोह में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।

उन्होंने बताया कि जिले के उपमंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इस अवसर पर एसपी नरेंद्र बिजराणिया, एडीसी डॉ. राहुल रईया, एसडीएम देवेंद्र शर्मा, सीटीएम सुरेश कुमार और जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।