जिला पुलिस थाना निसिंग की टीम ने उप निरीक्षक अजेय कुमार की अध्यक्षता में हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिपाल पुत्र दरियाराम तथा सागर पुत्र ऋषिपाल निवासी गांव कुचपुरा के रूप में हुई है।

अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त शिकायत के अनुसार गांव रायसन निवासी अमृत लाल ने थाना निसिंग में शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी बहन मंजीत कौर उर्फ मंजू की शादी करीब एक वर्ष पहले गांव कुचपुरा निवासी मनीष के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति मनीष व उसके परिजनों द्वारा उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जाता था तथा उसके साथ मारपीट की जाती थी। इस संबंध में पहले भी कई बार पंचायतें हो चुकी थीं।

शिकायतकर्ता के अनुसार 05 जुलाई 2026 की रात उसकी बहन ने फोन कर बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं तथा उसकी जान को खतरा है। इसके बाद शिकायतकर्ता अपने दोनों भाइयों के साथ बहन को लेने गांव कुचपुरा पहुंचा।

आरोप है कि बस अड्डा कुचपुरा के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान जसविंद्र पर चाकू से वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले नागरिक अस्पताल निसिंग ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद करनाल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही जसविंद्र ने दम तोड़ दिया और सिविल अस्पताल करनाल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शिकायत के आधार पर थाना निसिंग में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान हत्या की वारदात में शामिल दो आरोपियों ऋषिपाल और सागर को गिरफ्तार कर लिया गया। आज दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है दौराने रिमांड आरोपियान से गहन पूछताछ कर मामले का खुलासा करने हेतु अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *