जिला पुलिस करनाल के थाना सेक्टर 32-33 क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी थाना सेक्टर 32-33 के प्रबंधक निरीक्षक जगदीश कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक राम कर्ण की अध्यक्षता में की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल शर्मा पुत्र जगदीश शर्मा निवासी आरएएस रेजिडेंसी, करनाल के रूप में हुई है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजन की शिकायत पर थाना सेक्टर 32-33 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका बड़ा पुत्र कपिल नशा करने का आदी है। दिनांक 24 जून 2026 की शाम कपिल अपनी माता से पैसे मांग रहा था। इसी दौरान छोटे भाई कमल ने उसे पैसे मांगकर परिवार को परेशान न करने की बात कही, जिस पर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर कपिल ने घर में रखी कांच की बोतल तोड़कर कमल के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल कमल को परिजन तत्काल कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज करनाल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर 32-33 पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल एवं सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के परिजन के बयान के आधार पर थाना सेक्टर 32-33 में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की गहनता से जांच करते हुए आरोपी कपिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।