हरियाणा में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने लगा है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रोहतक के बाद अंबाला में 40.6 डिग्री और नूंह में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं नारनौल में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.3 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में रात के तापमान में भी 3.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखने को मिली है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 18 जून तक हरियाणा में 31 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य वर्षा से करीब 25 प्रतिशत अधिक है। इससे किसानों और आम लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है।
हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। विभाग ने अनुमान जताया है कि 23 जून तक कुछ जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 24 जून से मौसम फिर शुष्क होने की संभावना है, जिससे तापमान में दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। वहीं मानसून को लेकर अच्छी खबर यह है कि 30 जून तक हरियाणा में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है। मानसून की दस्तक के साथ ही लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।