चोरीशुदा एक मोटरसाइकिल व एक फोरव्हीलर टेम्पो बरामद,
जिला पुलिस करनाल द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए एक आरोपी को काबू करने में कामयाबी हासिल की है। इसी क्रम में जिला पुलिस करनाल की एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट टीम ने उप निरीक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के दो मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष पुत्र मुल्तान सिंह निवासी गांव डाचर, जिला करनाल के रूप में हुई है।
टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को ग्रीन बेल्ट, सेक्टर-4, करनाल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने 24 जून 2026 को थाना निसिंग क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल तथा 12 जुलाई 2026 को उसी क्षेत्र से एक फोरव्हीलर टेम्पो चोरी किया था।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोनों वारदातों का खुलासा किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरीशुदा एक मोटरसाइकिल व एक फोरव्हीलर टेम्पो बरामद कर लिया गया।आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जिला पुलिस करनाल आमजन से अपील करती है कि अपने वाहनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन संबंधी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।