युवा खेलों से जुड़ें, नशे से नहीं, जिला पुलिस की अपील
हरियाणा सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पुलिस करनाल द्वारा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नीलोखेड़ी में चल रहे 85 गांवों की क्रिकेट टीमों के ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने तथा खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह कार्यक्रम कोच रविंद्र चौहान, कोच परमजीत, कोच मुकेश कुमार, कोच कुलदीप सिंह एवं कोच विकास मैहला की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। ट्रायल में बड़ी संख्या में विभिन्न गांवों के युवा खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिला पुलिस करनाल की ओर से सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह, मुख्य सिपाही करमबीर, एसपीओ विक्रम तथा एसपीओ रवि उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवा यदि खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ेंगे तो वे न केवल अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएंगे बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा बनेंगे।
सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से स्वयं दूर रहें तथा अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव, सामाजिक जिम्मेदारियों तथा कानून का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया गया। साथ ही युवाओं से अपील की गई कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी प्रकार के नशा तस्करी संबंधी गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
कोचों ने जिला पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल और जागरूकता कार्यक्रमों का समन्वय युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों ने नशा मुक्त जीवन अपनाने तथा खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।