करनाल। नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में आगामी 3 अगस्त को करनाल में जिला स्तरीय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें वर्ष 2047 के विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है।
जिला युवा अधिकारी अंजलि चौधरी ने बताया कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और यदि युवा नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाते हैं, तो विकसित भारत का सपना साकार किया जा सकता है।
विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
कार्यक्रम के दौरान युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
जिला युवा अधिकारी अंजलि चौधरी ने जिले के सभी युवाओं, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), स्काउट्स एंड गाइड्स, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को नशा मुक्ति के जन-आंदोलन से जोड़ने का भी प्रयास करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में नशा मुक्ति के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.