जिला पुलिस करनाल द्वारा स्नैचिंग एवं लूटपाट की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सदर करनाल की टीम ने उप निरीक्षक नफे सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुश उर्फ ढाका पुत्र शमशेर सिंह, सोमपाल पुत्र मेहर सिंह तथा विशाल उर्फ विक्की पुत्र नरेश कुमार, निवासी गांव बलड़ी, जिला करनाल के रूप में हुई है।

इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि दिनांक 29 जुलाई 2026 को थाना सदर करनाल में शिकायतकर्ता विशाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि 28 जुलाई 2026 की रात वह कुरुक्षेत्र से बस द्वारा करनाल आया था। न्यू बस स्टैंड करनाल पर उतरकर जब वह अपने घर की ओर जा रहा था, तभी तीन अज्ञात युवक उसके पास आए और नुकीले सुवे की नोक पर उससे 5 हजार रुपये नकद एवं मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना सदर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर शिकायतकर्ता से छीने गए 5 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त एक नुकीला सुवा बरामद किया गया।

गिरफ्तार तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।