घरौंडा। बसताड़ा गांव के ओवरब्रिज पर शनिवार को एक वाहन को बचाने के प्रयास में हरियाणा रोडवेज की दो बसें आपस में टकरा गईं। हादसे में एक बस के चालक समेत छह यात्री घायल हो गए। दोनों बसें पानीपत से करनाल की ओर जा रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बसें ओवरब्रिज पर करनाल की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान सामने आए एक वाहन को बचाने के प्रयास में दोनों बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

दुर्घटना के बाद दोनों बसें हाईवे पर खड़ी हो गईं, जिसके चलते यातायात बाधित हो गया। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक जाम की स्थिति बनी रही।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल भेजा।

क्रेन की मदद से हटाई गईं बसें

पुलिस की मौजूदगी में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों बसों को हाईवे से हटवाया गया। बसों के हटने के बाद यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।

फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सामने आए वाहन को बचाने के प्रयास के दौरान दोनों रोडवेज बसों की आपस में टक्कर हुई।