रंबा गांव के समीप पश्चिम यमुना नहर में सोमवार सुबह करीब 30 वर्षीय युवक के छलांग लगाने का मामला सामने आया है। युवक की पहचान रंबा गांव निवासी राकेश के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नहर में युवक की तलाश शुरू की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राकेश सुबह नहर के पास पहुंचा और देखते ही देखते उसने नहर में छलांग लगा दी। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई घंटे चला सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम ने कई घंटे तक नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। टीम की ओर से तलाश जारी है।

कुछ समय पहले ही मलेशिया से लौटा था राकेश

राकेश के चाचा सुभाष ने बताया कि राकेश कुछ समय पहले ही मलेशिया से वापस लौटा था। उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उसका छह महीने का बेटा भी है। परिवार के अनुसार घर में किसी तरह का मनमुटाव नहीं था।

राकेश के ताऊ राजपाल ने उसे शांत स्वभाव और मेहनती बताया। परिवार के लोग भी घटना के कारण को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

इंद्री थाना प्रभारी राकेश ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।