करनाल: करनाल के जिला सचिवालय परिसर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उपमंडल मजिस्ट्रेट (SDM) कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे कार्यालय को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से कार्यालय का फर्नीचर, कंप्यूटर और महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें जलकर खाक हो गईं।

मिली जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब 8 बजे लगी। राहत की बात यह रही कि उस समय कार्यालय का कामकाज शुरू नहीं हुआ था और परिसर में कर्मचारियों की आवाजाही भी कम थी। इसके चलते हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित रहे।

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के क्षेत्र में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

घटना की सूचना मिलते ही करनाल के उपायुक्त भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान की जानकारी ली।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।

आग में जलकर नष्ट हुए सरकारी दस्तावेजों और अन्य सामान के नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारण और कुल नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।