31 अगस्त तक मिलेगा ऑफर, नए कनेक्शन और नंबर पोर्ट कराने वाले उपभोक्ता उठा सकेंगे लाभ
करनाल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने उपभोक्ताओं के लिए खास ‘आजादी ऑफर’ शुरू किया है। इस ऑफर के तहत नए मोबाइल कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को सिर्फ 1 रुपये देने होंगे। इसके साथ रोजाना 1GB डेटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और 100 SMS की सुविधा मिलेगी।
BSNL का यह विशेष ऑफर 31 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगा। प्लान की वैधता 24 दिन की होगी। यह सुविधा नए कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं के साथ-साथ अपना मोबाइल नंबर BSNL में पोर्ट कराने वालों के लिए भी लागू है।
259 रुपये का प्लान सिर्फ 1 रुपये में
BSNL के अनुसार, इस प्लान की सामान्य कीमत 259 रुपये है, लेकिन आजादी ऑफर के तहत इसे केवल 1 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि निजी टेलीकॉम कंपनियों के 28 दिन वाले प्लान की तुलना में यह ऑफर उपभोक्ताओं के लिए किफायती विकल्प है।
करनाल रेंज के जीएम अनिल कुमार पटेल और डीजीएम प्रहलाद सिंह देसवाल ने बताया कि BSNL की टेलीकॉम और इंटरनेट सेवाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। ऑफर का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अधिकृत चैनल पार्टनर या नजदीकी BSNL ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
2399 रुपये में 412 दिनों की वैधता
BSNL ने मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए एक अन्य प्लान में भी बदलाव किया है। 2399 रुपये के प्लान में अब 365 दिनों के बजाय 412 दिनों की वैधता मिलेगी। इसमें रोजाना 2GB डेटा, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और 100 SMS प्रतिदिन की सुविधा शामिल है।
ब्रॉडबैंड ग्राहकों के लिए भी नए ऑफर
BSNL ने FTTH ग्राहकों के लिए भी कई प्लान पेश किए हैं। 499 रुपये के प्लान में 60 Mbps तक की स्पीड, 3300GB डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 400 से अधिक IFTV चैनलों की सुविधा दी जा रही है। अगस्त से अक्टूबर 2026 के प्रमोशनल ऑफर के तहत अगस्त में एक्टिवेशन कराने पर पहला महीना मुफ्त और अगले तीन महीनों तक 100 रुपये की छूट का प्रावधान बताया गया है।
वहीं 1199 रुपये के प्लान में 200 Mbps तक की स्पीड, 5000GB डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 12 OTT सेवाओं का पैकेज दिया जा रहा है। इसमें पहले छह महीनों तक हर महीने 88 रुपये की छूट भी उपलब्ध है।
ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 259 रुपये के प्लान में 700GB तक डेटा 25 Mbps की स्पीड के साथ उपलब्ध है। डेटा सीमा पूरी होने के बाद स्पीड 2 Mbps रहेगी। इसके साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा भी दी जा रही है।
22 जिलों से जुड़ी है BSNL की करनाल रेंज
BSNL की प्रदेश में कुल नौ रेंज हैं, जिनसे हरियाणा के सभी 22 जिले जुड़े हुए हैं। करनाल रेंज के अंतर्गत जीटी बेल्ट के जिले आते हैं। कंपनी की ओर से नए ऑफर के जरिए मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं से अधिक उपभोक्ताओं को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।