करनाल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सभी ब्लॉकों में प्रतिदिन विभिन्न योग कार्यक्रम और शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को जिला कारागार में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें योग इंस्ट्रक्टर मुन्ना कुमार और कांता ने 495 बंदियों को योगाभ्यास कराया। हरियाणा योग आयोग के नोडल अधिकारी डॉ. अमित पुंज ने बतायाकि जिले में विभिन्न योग संस्थाओं के सहयोग से कुल 272 स्थानों (182 संस्थागत और 90 आयुष योग व्यायाम शालाएं व आयुष केंद्र) पर 7000 से अधिक साधकों ने अभ्यास किया। ब्लॉक इंचार्ज डॉ. नितिन रोहिला ने बताया कि रविवार को सेक्टर-6 और सेक्टर-12 में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम होंगे।