करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग 709ए पर चाकू की नोक पर आधे घंटे के भीतर मोबाइल फोन, दो बाइक और बैग लूटने वाले दो बदमाशा कमल और साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने सोमवार को जयसिंहपुर गांव से लेकर मंचूरी के बीच में इन वारदात को अंजाम दिया था
दोनों बदमाश प्याैंत गांव के रहने वाले हैं और पहले भी दोनों का आपराधिक रिकाॅर्ड है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश करके तीन दिन का रिमांड हासिल किया है।
सीआईए असंध की टीम ने सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान करके बुधवार शाम को असंध के मलिकपुर रोड से कमल और साहिल को गिरफ्तार किया। दोनों ने बताया कि जलमाना से लूटी बाइक खराब होने पर उन्होंने बाइक को मंचूरी गांव के पास खड़ा कर दिया था। इसके बाद मंचूरी से दूसरी बाइक लूटी थी। सीआईए असंध प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि दोनों को वीरवार को अदालत में पेश करके तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
प्याैंत गांव निवासी कमल के खिलाफ करनाल, कैथल और जींद जिले में छह से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ थाना असंध, मूनक, निसिंग, राजाैंद, सफीदों सहित अन्य थानों में लूट, छीनाझपटी, डकैती, चोरी की प्राथमिकी दर्ज हैं। आरोपी छीनाझपटी के मामले में जेल में बंद था। उसकी 20 दिन पहले जमानत हुई थी। दूसरे आरोपी साहिल के खिलाफ कैथल के पूंडरी थाना में 2022 में एक झगड़े में हत्या के प्रयास की धारा में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। यह मुकदमा अदालत में चल रहा है। आरोपी उसमें जमानत पर है।