करनाल। जिला पुलिस करनाल की सीआईए-2 स्टाफ टीम ने अवैध हथियार रखने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर की देशी पिस्तौल बरामद की है।
सीआईए-2 प्रभारी की टीम ने उप निरीक्षक कृष्णचंद के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेंद्र सिंह पुत्र अर्जुन सिंह निवासी गांव शाम्बी, थाना निगदू, जिला करनाल को थाना निगदू क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत थाना निगदू में मामला दर्ज कर लिया है। विधि अनुसार आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि अवैध हथियार के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।