सेक्टर-13 आवास के बाहर पुलिस तैनात, विधायक से मिलने वालों की पहले रजिस्टर में होगी एंट्री; धमकी पत्र की जांच में जुटी पुलिस

करनाल। बीरू वाल्मीकि हत्याकांड और हर्ष-बीरबल एनकाउंटर के बाद चर्चा में आए विधायक जगमोहन आनंद को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। विधायक की सुरक्षा बढ़ाने के साथ उनके सेक्टर-13 स्थित आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, घर पर आने-जाने वालों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

मिलने से पहले रजिस्टर में दर्ज होगा नाम और मोबाइल नंबर

विधायक से मिलने पहुंचने वाले लोगों के नाम और मोबाइल नंबर पहले रजिस्टर में दर्ज किए जा रहे हैं। इसके बाद आने वाले व्यक्ति की जानकारी विधायक तक पहुंचाई जा रही है और अनुमति मिलने के बाद ही मुलाकात करवाई जा रही है।

विधायक के आवास वाली गली में आने-जाने वाले अनजान लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस वाहनों से गश्त भी कराई जा रही है।

डीसी ने विधायक से मुलाकात कर ली जानकारी

शुक्रवार को करनाल के डीसी भी विधायक जगमोहन आनंद से मिलने उनके आवास पर पहुंचे और धमकी के मामले की जानकारी ली। दूसरी ओर पुलिस धमकी भरे पत्र की गहनता से जांच में जुटी हुई है।

थाना सिविल लाइन प्रभारी विक्रांत के अनुसार मामले में जांच जारी है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

27 अगस्त को डाक से पहुंचा था धमकी भरा पत्र

जानकारी के अनुसार 27 अगस्त को डाक के माध्यम से विधायक के घर और कैंप कार्यालय पर पत्र पहुंचा था। विधानसभा सत्र से लौटने के बाद रात में रूटीन डाक चेक करते समय विधायक की नजर इस पत्र पर पड़ी।

पत्र में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एरिया कमांडर बलबीर सिंह के नाम से विधायक को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद विधायक ने रात में ही मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी। साथ ही अपनी ओर से लिखे पत्र को डीजीपी, एडीजीपी और एसपी करनाल को भी भेजा।

मामले में देर रात ही सिविल लाइन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पत्र में विधायक और बेटे को एक महीने के अंदर मारने की धमकी

बताया गया है कि हिंदी में हस्तलिखित पत्र में विधायक और उनके बेटे को एक महीने से पहले मारने की धमकी दी गई है। पत्र में एके-47 से 20 गोलियां मारने की बात लिखे जाने का भी उल्लेख है।

पत्र में एक खाली पेज पर विधायक को मारने का कथित ‘गारंटी कार्ड’ लिखा गया है और नीचे बलबीर सिंह नाम से अंग्रेजी में हस्ताक्षर किए गए हैं। पत्र डाक के जरिए भेजा गया था।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने की सख्त कार्रवाई की मांग

भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर ने धमकी को अशोभनीय और निंदनीय बताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन को यह भी जांच करनी चाहिए कि जनप्रतिनिधि के आवास तक इस तरह का धमकी भरा पत्र कैसे पहुंचा और इसके पीछे की मंशा क्या है।

लिफाफे पर सिर्फ टिकट, नाम और पता मिला

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पत्र कहां से आया और किसने इसे डाक के माध्यम से विधायक के आवास तक भेजा। बताया गया है कि पत्र के लिफाफे पर केवल डाक टिकट के साथ विधायक का नाम और आवास का पता लिखा था। पुलिस इसी आधार पर पत्र भेजने वाले तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *