315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक रौंद बरामद, फायरिंग में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

करनाल। पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करने के मामले में करनाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीआईए-2 करनाल की टीम ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध देशी कट्टा 315 बोर और एक रौंद बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गुप्त सूचना पर गांव झीमरेहड़ी से गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक करनाल नरेंद्र बिजारणिया, भा.पु.से. के दिशा-निर्देशन में फायरिंग की वारदातों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीआईए-2 प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

मामले के अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देर शाम गांव झीमरेहड़ी से आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कुमार पुत्र बलबीर निवासी गांव हसनपुर, थाना मधुबन, करनाल के रूप में हुई है।

रजवाहे की पटड़ी पर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 की रात शिकायतकर्ता साहिल पुत्र दिलावर सिंह निवासी गांव हसनपुर अपने दोस्तों के साथ हसनपुर से रसीन की तरफ जाने वाले रजवाहे की पटड़ी पर मौजूद था।

इसी दौरान संजय कुमार अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और शिकायतकर्ता के साथ कथित तौर पर गाली-गलौच करने लगा। शिकायतकर्ता द्वारा गाली देने का कारण पूछने पर आरोपी ने पैंट के पीछे छिपाकर रखा हुआ देशी कट्टा निकालकर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

गोली कंधे के पीछे से छूकर निकली

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के दौरान गोली शिकायतकर्ता के बाएं कंधे के पीछे से छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।

शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर थाना मधुबन में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में फरार चल रहे संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक रौंद बरामद किया गया है।

पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त पाए जाने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *