करनाल – शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर राष्ट्र संत वाचनाचार्य श्री मनोहर मुनि जन्म शताब्दी वर्ष के अन्तर्गत शक्तिपुंज श्री ओसिया माता का भक्ति कार्यक्रम रविवार, 18 अक्टूबर को श्री आत्म मनोहर जैन आराधना मंदिर, इन्द्री रोड के विशाल सभागार में दोपहर 1.15 से 4.15 बजे तक वात्सल्यमूर्ति माता श्री प्रमिला जी महाराज के सान्निध्य में मनाया जा रहा है। इस सुअवसर पर अपने सुर-ताल से भक्ति की बयार बहाने वाले सुप्रसिद्ध गायकों द्वारा धार्मिक भक्ति गीतों की महफिल सजाई जाएगी। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग, भारत सरकार के चेयरमैन सरदार हरजीत सिंह ग्रेवाल समारोह गौरव रहेंगे।सभी राजनीतिक दलों के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, नेताओं तथा सरकार के विभिन्न निगमों में चेयरमैन, वाईस चेयरमैन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे महानुभावों के साथ प्रशासनिक अधिकारी समागम की शोभा बढ़ाएंगे। राजनीतिक प्रतिबद्धताओं से ऊपर उठकर सभी की सामूहिक उपस्थिति दानवीर कर्ण की पावन नगरी के अनूठे सौहार्द, आत्मिक जुड़ाव एवं भाईचारे की झलक दिखाएगी।

प्रसिद्ध व्यापारी तथा औद्योगिक जगत में सम्माननीय स्थान रखने वाले समाजसेवी कार्यक्रम में अलग-अलग रस्में सम्पन्न करेंगे। दोपहरकालीन भोजन, सायंकालीन अल्पाहार के संग महामाई का विशेष प्रसाद भक्तजनों के लिए रहेगा।

श्री आत्म मनोहर जैन संस्थान समूह के सभी सेवा प्रकल्पों से जुड़े पदाधिकारियों ने दुर्गा मां कात्यायनी के भक्तों से भक्ति रस में स्नान करते हुए दैवी कृपा से स्वयं को धन्यभागी बनाने का अनुरोध किया है।