करनाल, 23 अक्तूबर। जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप सिंह ने आज जिला न्यायालय के सभागार में न्यायिक अधिकारियों (ज्यूडिशियल ऑफिसर्स) की बैठक ली। बैठक में डीएसजे ने न्यायिक अधिकारियों से बातचीत की और उन्हें मिडिएशन फॉर नेशन-3.0 के अंतर्गत अधिकतम मुकदमे मध्यस्थता केंद्र मे भेजने के लिए प्रेरित किया ताकि मध्यस्थता के माध्यम से अधिकतम मुकदमों का निपटारा किया जा सके। इस मौके पर सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी यादव भी मौजूद रहीं।
सीजेएम मीनाक्षी यादव ने जिला एडीआर सेंटर में बचपन बचाओ अभियान व हिट एंड रन मुकदमों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सीजेएम ने अधिकारियों की समस्याओं के निपटारे के लिए मार्गदर्शन किया और बाल कल्याण के लिए प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने हिट एंड रन मुकदमों की स्टेटस रिपोर्ट की जानकारी ली और संबंधित परिवारों को समय से मुआवजा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
