चार शराब तस्करों से 144 बोतल अवैध शराब बरामद, एक आरोपी से 1 किलो 143 ग्राम गांजा व नशे से अर्जित 5 लाख रुपये की नकदी बरामद, एक आरोपी अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार

घरौंडा क्षेत्र के संजय नगर, मुंढोगढ़ी, लाल्लूपुरा, बरसत व बलहेड़ा में करीब 200 पुलिस कर्मचारियों ने चलाया सर्च ऑपरेशन, स्नाइपर डॉग की मदद से संदिग्ध ठिकानों की जांच

जिला में नशा व शराब तस्करों की धरपकड़, आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा ‘नशा मुक्त हो जिला अभियान’ के तहत लगातार विशेष कॉम्बिंग एवं चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार सुबह डीएसपी घरौंडा श्री मनोज कुमार के नेतृत्व में थाना घरौंडा, थाना मधुबन, एंटी नारकोटिक्स सेल, सीआईए-1 तथा सीआईए-3 की संयुक्त टीमों द्वारा घरौंडा क्षेत्र के गांव संजय नगर, मुंढोगढ़ी, लाल्लूपुरा, बरसत व बलहेड़ा में सघन सर्च अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान कमांडो दस्ते सहित करीब 200 पुलिस कर्मचारियों की चार टीमों ने स्नाइपर डॉग की सहायता से संदिग्ध व्यक्तियों के घरों और संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली। पुलिस टीमों द्वारा करीब 15 संदिग्ध घरों सहित अन्य स्थानों की जांच की गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ, अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी सामग्री तो नहीं छिपाई गई है। इसके साथ ही नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर रखी गई।

अभियान के दौरान नशा व शराब तस्करी के मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार

डीएसपी घरौंडा ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संजय नगर, घरौंडा से आरोपी लाखन सिंह को काबू किया। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 143 ग्राम गांजा फूल-पत्ती तथा नशे के अवैध कारोबार से अर्जित 5 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।

इसके अतिरिक्त पुलिस टीमों ने अवैध शराब तस्करी के चार अलग-अलग मामलों में आरोपियों बजिंदर, दर्शन, गुलजार और मेहर सिंह को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से कुल 144 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।

व साथ में बिना नंबर प्लेट की 8 मोटरसाइकिल बरामद की गई।

315 बोर के अवैध देसी कट्टे सहित एक आरोपी गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी हर्षित पुत्र लीलाराम, निवासी गांव लल्लूपुरा को भी काबू किया। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस ने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य करनाल को नशा मुक्त बनाना, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न करना है। नशा तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिला पुलिस द्वारा लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन, विशेष चेकिंग अभियान और निगरानी की जा रही है। भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था कायम रखने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जा सके।