उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने जारी किए आदेश, बिजली आपूर्ति सुचारू रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

करनाल, 23 अक्टूबर। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं अभियंता संयुक्त संघर्ष मोर्चा द्वारा 24 अक्टूबर तक हड़ताल के आह्वान के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी कर जिले में स्थित बिजली सब-स्टेशनों पर विभिन्न विभागों  के जेई  की ड्यूटी लगाई है।

उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि बिजली आपूर्ति एक आवश्यक सेवा है। इसमें किसी भी प्रकार की बाधा से आमजन को परेशानी हो सकती है तथा जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी रहती है। उन्होंने निर्देश दिए कि बिजली सब-स्टेशनों पर सामान्य स्थिति बनाए रखने और विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को सूची के अनुसार अपने निर्धारित स्थानों पर ड्यूटी देनी होगी। इसके अतिरिक्त किसी आपात स्थिति में संबंधित उपमंडल स्तर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि सभी बिजली सब-स्टेशनों पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस बल तैनात करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अतिरिक्त उपायुक्त, अधीक्षक अभियंता उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, अधीक्षक अभियंता एचवीपीएनएल तथा संबंधित उपमंडल अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। आदेशों के अनुसार, संबंधित विभागाध्यक्ष अपने विभाग के नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी के लिए रिलीव करेंगे, ताकि वे निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी संभाल सकें। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन आदेशों का तत्काल प्रभाव से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।