सीआईए-3 की टीम ने आरोपी अमन को किया काबू, न्यायालय से मिला 5 दिन का पुलिस रिमांड।
करनाल, दिनांक 23 अक्टूबर 2026।
जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में गंभीर आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-3 की टीम ने लक्ष्य हत्याकांड में शामिल छठे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान अमन पुत्र राजबीर निवासी गांव कमालपुर रोड़ान माजरा, जिला करनाल के रूप में हुई है। यह कार्रवाई सीआईए-3 इंचार्ज निरीक्षक अजेय कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजिंदर कुमार की टीम द्वारा की गई।
मामले के संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को लक्ष्य अपने एक दोस्त के साथ गाड़ी में पुराना बस अड्डा, करनाल के पीछे बैठा हुआ था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने लक्ष्य पर लाठी-डंडों, चाकुओं तथा अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में लक्ष्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अमृतधारा अस्पताल, करनाल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इसके बाद दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान लक्ष्य की मौत हो गई।
मामले में पहले पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना शहर करनाल में दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए करनाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार आरोपियों से की गई पूछताछ के दौरान हत्याकांड में अमन की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पांच दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
गिरफ्तार आरोपी अमन को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही, मामले में अन्य संभावित संलिप्त आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। करनाल पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
