पुलिस स्मृति दिवस से राष्ट्रीय एकता दिवस तक आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाकर शहीद पुलिसकर्मियों को दी जा रही श्रद्धांजलि।
करनाल, दिनांक 23 अक्टूबर 2026।
पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर से राष्ट्रीय एकता दिवस 31अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत करनाल पुलिस द्वारा देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस शहीदों के बलिदान को नमन करने के साथ-साथ आमजन को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज डीएसपी मुख्यालय संदीप सिंह द्वारा थाना निसिंग तथा लघु सचिवालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में पौधे लगाकर पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित वातावरण के महत्व पर जोर दिया गया। पौधारोपण अभियान के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। साथ ही, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
करनाल पुलिस द्वारा 21 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही कार्यक्रमों की इस श्रृंखला का उद्देश्य कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की शहादत को सम्मानपूर्वक याद करना, आमजन में राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
करनाल पुलिस की आमजन से अपील
करनाल पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल करें। पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। पुलिस शहीदों की स्मृति में किए गए ऐसे प्रयास उनके बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ समाज को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम भी हैं।
